- विश्व हिंदू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने दीनार टाइम्स से की एक्सक्लूसिव बातचीत
अंजनी निगम, डीटीएनएन
कानपुर , विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने दिल्ली से फोन पर बताया कि मालेगांव मामले में कांग्रेस ने संघ और विश्व हिंदू परिषद से जुड़े हुए लोगों को फंसाने का कुचक्र रचा था जो अब इस निर्णय से स्पष्ट हो गया है। विहिप के महामंत्री, प्रचार प्रसार प्रमुख, संघ के उस समय के जो भी चर्चित चेहरे जैसे इंद्रेश कुमार, प्रचारकों, दायित्व विहीन लोगों को फंसाने का षड़यंत्र रचा था जिसका पटाक्षेप हो गया है। निर्णय से साफ हो गया है कि पूज्य संतों, सैन्य अधिकारी व समाजसेवियों को बंधक बना कर झूठे केसों में फांसने, उन्हें प्रताड़ित कर मारने के भी षड़यंत्र कांग्रेस ने रचे। भगवा को आतंकी साबित करने के पाप के साथ कांग्रेस ने मूल जिहादी अपराधियों और आतंकियों को छोड़ने का भी महापाप किया है। उनका कहना है कि अब आवश्यकता इस बात की है कि संसद में प्रस्ताव लाकर कांग्रेस को आतंकियों को पालने पोसने वाली पार्टी घोषित कराना चाहिए।
भारत और हिंदू समाज से कांग्रेस का दुराव साफ
कांग्रेस ने जनमानस में अपनी विश्वसनीयता तो खो ही दी है, भारत और हिंदू समाज से इस पार्टी का दुराव भी स्पष्ट हो गया है। साथ ही साथ कांग्रेस की हिंदू द्रोही मानसिकता भी एक्सपोज हो गयी है। कांग्रेस रियल आतंकियों को बचाने और निर्दोषों को आतंकी घोषित करने का कार्य कर रही है। यह कार्य कांग्रेस ने पूरा दमखम लगा कर किया था।
कांग्रेस ने ही दिया भगवा आतंक शब्द
2013 में कांग्रेस का चिंतन शिविर जयपुर में हुआ था जहां तत्कालीन गृहमंत्री ने अपने संबोधन में भगवा आतंकवाद शब्द का उल्लेख किया फिर इसी शब्द को पी चिदम्बरम और दिग्विजय सिंह ने भी इसका इस्तेमाल एक नहीं कई स्थानों पर किया था। भगवा हिंदू है और आतंकवादी होता है ऐसा बोलकर देश को दुनिया भर में बदनाम करने की कोशिश की गयी। यह तो ईश्वर का धन्यवाद जो इस फैसले ने इनकी कोशिशों का पर्दाफाश कर दिया।
इन्हीं कोशिशों के कारण हिंदुओं पर हमले हुए
कांग्रेस की इन्हीं कोशिशों के कारण 2008 में जयपुर, अहमदाबाद, दिल्ली, गुड़ासा आदि छह स्थानों में पर बम ब्लास्ट हुए थे जिनमें 168 लोगों की मृत्यु हुई थी और सैकड़ों लोग घायल हुए तथा करोड़ों की संपत्ति का नुकसान हुआ था किंतु कांग्रेस सरकार ने इन पीड़ितों को न्याय दिलाने का कार्य नहीं किया, हमेशा अन्याय मिलाना। कांग्रेस ने जिहादी तुष्टीकरण नीति के तह दोषियों को बचाना और निर्दोषों को फंसाने का कार्य किया। कांग्रेस ने एक और घिनौना कार्य किया कि जो जांच एजेंसियां कभी निष्पक्ष होती थीं, उन्हें कांग्रेस पार्टी का कार्यकर्ता बना कर रख दिया।
हिंदू समाज को सजग होना पड़ेगा
अब कांग्रेस के पापों का भंडाफोड़ हो गया है, जनता को अब समझ में आ ही जाना चाहिए। हिंदू समाज को भी सजग होना पड़ेगा, कोर्ट के निर्णय से जनता में जागरूकता बढ़ी है और जनता सब समझ रही है। इसका जवाब कांग्रेस को आने वाले समय में स्वतः ही मिल जाएगा।