बीसीसीआइ के कंसल्टेंट क्यूरेटर शिव कुमार का दिल का दौरा पड़ने से निधन
दोपहर 3.30 बजे ग्रीनपार्क स्टेडियम में कर्नल सीके नायडू ट्राफी के लिए पिच तैयार करते समय पड़ा दिल का दौरा
यूपीसीए, खेल विभाग, विभिन्न खेल संघों ने दी श्रद्धांजलि, बरेली में पैतृक आवास पर हुआ अंतिम संस्कार
रविंद्र सिंह भाटिया, कानपुर
कानपुर।
जब जब ग्रीन पार्क की ओर देखेंगे तब हम शिवकुमार को बहुत याद करेंगे… कानपुर के ग्रीन पार्क स्टेडियम और बीसीसीआई के कंसलटेंट शिव कुमार का नाता बहुत पुराना है… अचानक शिव कुमार के जाने से पूरा कानपुर स्तब्ध है… ग्रीन पार्क ही नहीं नहीं जब भी कानपुर में क्रिकेट की बात आएगी तो शिवकुमार बहुत याद आओगे आप|
ग्रीनपार्क स्टेडियम के सीनियर पिच क्यूरेटर शिवकुमार का मंगलवार को ड्यूटी के दौरान दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया… दोपहर करीब साढ़े तीन बजे स्टेडियम की मुख्य पिच पर काम करते समय वह अचानक गिर पड़े… यूपीसीए के नोडल अधिकारी सुजीत श्रीवास्तव और अन्य ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां से उनको कार्डियोलॉजी रेफर किया गया… जहां पहुंचते ही उनकी सांसें थम गईं… उनका अंतिम संस्कार बुधवार को गृह जनपद बरेली में हुआ…पत्नी और दोनों पुत्र पुणे में रहते हैं|
59 वर्षीय शिवकुमार छह से नौ फरवरी के बीच ग्रीनपार्क में प्रस्तावित कर्नल सीके नायडू ट्रॉफी मुकाबले की तैयारियों में जुटे थे… उनके निधन की सूचना मिलते ही ग्रीनपार्क में शोक का माहौल छा गया… यूपीसीए, खेल विभाग और विभिन्न खेल संघों के अधिकारी, प्रशासक और खिलाड़ी उनके अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे और श्रद्धांजलि अर्पित की… बीसीसीआई उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, इंडोनेशिया क्रिकेट संघ और कई क्रिकेटरों ने उनके योगदान को याद कर शोक व्यक्त किया।
शिवकुमार ने अपने कॅरिअर की शुरुआत खेल विभाग में इलेक्ट्रीशियन के रूप में की थी। बरेली से कानपुर स्थानांतरण के बाद उन्होंने पिच क्यूरेशन के क्षेत्र में कदम रखा… नब्बू शाह और ब्रजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में उन्होंने पिच तैयार करना सीखा और बीसीसीआई की परीक्षा उत्तीर्ण कर सीनियर पिच क्यूरेटर तथा सेंट्रल जोन प्रभारी बने… नियमगत बाधाओं के चलते 2018 में उन्होंने खेल विभाग से वीआरएस लेकर यूपीसीए में कार्यभार संभाला। उन्होंने देश के प्रमुख स्टेडियमों के साथ बांग्लादेश और इंडोनेशिया में भी पिच तैयार की। ग्रीनपार्क में लाल मिट्टी की पिच बनाने का उनका सपना पिछले माह महाराष्ट्र से मिट्टी मंगवाने के साथ पूरा होने को था, इससे पहले उनका निधन हो गया|
2005 से अब तक खेले गए सभी अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों की विकेट शिवकुमार ने ही तैयार की…राहुल द्रविड़, सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और रोहित शर्मा जैसे दिग्गज खिलाड़ी भी कई बार उनके कार्य की प्रशंसा कर चुके है। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने शोक संदेश में कहा कि शिवकुमार का जाना कानपुर और यूपी क्रिकेट के लिए बड़ी क्षति है। यूपी टी-20 लीग के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने कहा कि शिवकुमार के जाने का बेहद दुख है, उन्होंने ग्रीनपार्क के लिए शानदार पिच बनाईं।