[icon-list id=2454]

Download App from

Follow us on

चुनावों के लिए चार बिंदुओं पर परखी जाएगी प्रत्याशिताः राम किशोर साहू

Spread the News

-कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू से दीनार टाइम्स ने की एक्सक्लुसिव बातचीत

अंजनी निगम, डीटीएनएन


कानपुर , मार्च में प्रत्याशित उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनावों के लिए सभी दलों ने तैयारियां शुरु कर दी हैं जहां कुछ दल गठबंधन करने में लगे हैं वहीं भाजपा अपने संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने में लगी है। प्रस्तुत हैं कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष राम किशोर साहू से 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारी के संबंध में वार्ता के प्रमुख अंश …


प्रश्न – पहले 2024 में लोकसभा और हाल ही में एमएलसी चुनावों के परिणाम बता रहे हैं भाजपा गिरावट की ओर है, कैसे पार होगी 2027 के विधानसभा चुनाव की नैया ?
उत्तर – जहां तक एमएलसी चुनाव की बात है, हम पहले जितनी सीटें जीते थे, उतनी ही इस बार भी जीते हैं न कोई हारे और न ही कोई नयी जीते हैं। एमएलसी चुनावों में सलेक्टेड मतदाता होता है जिन्हें प्रत्याशी अपने प्रयासों से बनवाता है। क्षेत्र चाहे मोदी जी का हो या योगी जी का, यदि अपना मतदाता ही नहीं होगा तो कोई क्या कर लेगा। 2027 की तैयारी के लिए हम लोग जिन बूथों पर मतदाता नहीं बने हैं उन्हें बनाने का काम कर रहे हैं। विपक्ष विरोध कर रहा है, घुसपैठियों को बाहर निकाला जा रहा है तो उससे भी विपक्ष को कष्ट है। अब एसएसआर हो रहा है जिसमें नव मतदाताओं को जोड़ा जा रहा है, नव विवाहिता बहुएं जो घर पर आई हैं, उन्हें जोड़ने का काम किया जा रहा है। हम लोग अपने काम के आधार पर जनता के बीच में जाएंगे और 2027 में 2017 को दोहराएंगे।


प्रश्न – हार के कारणों में लोगों का मानना है कि पार्टी प्रबंधन में चूक, समन्वय की कमी और कार्यकर्ताओं की नाराजगी रही। आप क्या मानते हैं ?
उत्तर – पार्टी में 14 करोड़ कार्यकर्ता हैं तो नाराजगी होना भी स्वाभाविक है। बाकी दल तो परिवार की पार्टी हैं, उनका टिकट भी सुनिश्चित है जबकि भाजपा में हर सीट पर 30 से 40 दावेदार हैं जिनमें से टिकट तो किसी एक को ही दिया जाएगा। इतने बड़े परिवार में सबका समायोजन तो किया नहीं जा सकता है। देश की आधी आबादी भाजपा के लिए काम करती है। सबको तो पदाधिकारी बना नहीं सकते, जो अच्छा काम करते हैं उन्हें जरूर जिम्मेदारी दी जाती है। अभी हाल ही में तीन लोगों को राज्यसभा का प्रत्याशी बनाया गया जबकि उत्तर दक्षिण मिला कर लगभग 30 पूर्व जिलाध्यक्ष हैं और सभी योग्य हैं लेकिन सबको तो राज्यसभा का सदस्य नहीं बनाया जा सकता है। बाकी को कहीं और समायोजित किया जाएगा।


प्रश्न – संगठन ने कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र की 52 विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी नियुक्त किए हैं इनका क्या काम रहेगा ?
उत्तर – अभी तो विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी बनाए गए हैं। अब मंडल प्रभारी, पालक, फिर बूथ आदि के प्रभारी भी घोषित किए जाएंगे। इनके अलावा कुछ विचार को लेकर जीने वाले कार्यकर्ता होते हैं जिन्हें कोई पद नहीं मिलता है तो भी काम करते हैं। बनाए गए प्रभारी वरिष्ठ नेता हैं जिनमें से कई पूर्व जिलाध्यक्ष हैं जो पार्टी के प्रबंधन, समन्वय आदि का कार्य करेंगे। पुराने कार्यकर्ताओं से मिल कर संवाद करेंगे, उनके अनुभव का लाभ पार्टी को दिलाने के बारे में चिंता करेंगे।


प्रश्न – प्रभारियों में कुछ विधानसभा चुनाव के दावेदार भी थे, क्या वो अभी भी आवेदन कर सकेंगे ?
उत्तर – आवेदन की स्वतंत्रता तो सबको है, जो नया आता है वो भी आवेदन कर सकता है और जो पदाधिकारी है उसे भी आवेदन करने की छूट है। लेकिन जब किसी एक को टिकट मिल जाएगा तो उसे अपना पद छोड़ना होगा और अन्य सभी लोगों को उसके लिए मिल कर काम करना होगा। किसी एक को टिकट मिलने के बाद विरोध करेंगे तो उन्हें पार्टी के बाहर जाना होगा।


प्रश्न – प्रदेश में ओवैसी-चंद्रशेखर का तीसरा मोर्चा भाजपा की चुनाव रणनीति पर कितना असर डालेगा ?
उत्तर – ये कोई नया मोर्चा नहीं है, पहले से ही है। उनके मोर्चा का भाजपा के चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ने वाला है। देखते जाइए, चुनाव घोषित होने तक अभी और न जाने कितने मोर्चा बनेंगे। जो लोग सपा-कांग्रेस से नाराज होंगे, नया मोर्चा बनाते जाएंगे। ये सब सपा-कांग्रेस की बी टीमें हैं। भाजपा केंद्र और प्रदेश सरकार के कार्यकाल में कराए गए अपने विकास कार्यों के बूते जनता के बीच जाएगी।


प्रश्न – प्रत्याशी चयन में क्या फार्मूला रहने वाला है ?
उत्तर – वो तो पहले ही रहता है। चार बिंदुओं पर प्रत्याशी की घोषणा होती है। व्यक्ति की सामाजिक छवि, पार्टी के प्रति निष्ठा, जातीय समीकरण और आर्थिक स्थिति। इन चार बिंदुओं पर दावेदारों को परखा जाएगा।

> Related News

No PDF URL provided.