वैभव सूर्यवंशी ने एक बार फिर दिखा दिया कि उम्र सिर्फ एक नंबर है. राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 26 गेंदों में 78 रन जड़ दिए और टीम को 201 रन का लक्ष्य दो ओवर पहले ही हासिल करा दिया.रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने पहले खेलते हुए 201/8 का स्कोर बनाया था |
मैच के बाद सूर्यवंशी ने अपनी सफलता का राज बताते हुए साफ कहा कि वे गेंदबाज के नाम से प्रभावित नहीं होते. उनका फोकस सिर्फ गेंद पर रहता है. उन्होंने कहा कि दिमाग में यह जरूर रहता है कि सामने जसप्रीत बुमराह या जोश हैजलवुड जैसे गेंदबाज हैं, लेकिन वे खेलने के दौरान सिर्फ गेंद पर ध्यान देते हैं.
इस मुकाबले में सूर्यवंशी ने खासतौर पर हेजलवुड को निशाने पर लिया और लगातार चार गेंदों पर तीन चौके और एक छक्का जड़कर मैच का रुख बदल दिया. उनकी इस पारी ने RCB के गेंदबाजों को पूरी तरह बैकफुट पर ला दिया. इतनी कम उम्र में मिली सफलता के बावजूद सूर्यवंशी जमीन से जुड़े हुए हैं. उन्होंने बताया कि उनके पिता संजीव और टीम के सपोर्ट स्टाफ रोमी भिंडर उन्हें लगातार सही दिशा में मार्गदर्शन देते हैं. जिससे वह बढ़िया गेम खेल पाते हैं|