खेल सुविधाओं के साझा उपयोग और कोचिंग सहयोग के लिए दो वर्षों का समझौता
संवाददाता/ डीटीएनएन
कानपुर। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) कानपुर और छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के बीच खेल, शारीरिक शिक्षा एवं छात्र विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से दो वर्षों के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए। इस समझौते के तहत दोनों संस्थान अपनी खेल सुविधाओं का पारस्परिक उपयोग करेंगे तथा कोच, प्रशिक्षकों और तकनीकी विशेषज्ञों के आदान-प्रदान के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर प्रशिक्षण उपलब्ध कराएंगे। आईआईटी कानपुर की ओर से छात्र कार्यवाहक अधिष्ठाता प्रो. प्रतीक सेन तथा सीएसजेएमयू की ओर से छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. अंशु यादव ने समझौते पर हस्ताक्षर किए।
एमओयू के तहत दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों को निर्धारित खेल परिसरों और आधुनिक खेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा, जिससे उन्हें प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं की बेहतर तैयारी का अवसर प्राप्त होगा। इस अवसर पर प्रो. प्रतीक सेन ने कहा कि यह पहल कानपुर के प्रमुख शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध खेल अवसंरचना के बेहतर उपयोग की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। खेल सुविधाओं, कोचिंग विशेषज्ञता और श्रेष्ठ कार्यप्रणालियों को साझा कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और खेल प्रतिभाओं को नई दिशा देने का प्रयास किया जाएगा। दोनों संस्थानों ने विश्वास जताया कि यह साझेदारी न केवल विद्यार्थियों के लिए खेल संबंधी अवसरों का विस्तार करेगी, बल्कि कानपुर में उच्च शिक्षण संस्थानों के बीच सहयोग और सशक्त खेल संस्कृति को भी बढ़ावा देगी।