डीटी एनएन।रूरा
अकबरपुर विकास खंड अन्तर्गत रूरा बनीपारा मार्ग पर गुटैहा स्थित के किनारे नहर के पुलिया की रेलिंग महीनों से टूटी हुई है। यहां हर समय खतरा मंडराता रहता है। स्थिति विकट है, कभी भी समस्या राहगीरों के लिए जानलेवा बन सकती है। बावजूद जिम्मेदार मौन हैं।
पुल के निकट सड़क वैसे ही राहगीरों के लिए मुसीबत बनी हुई है। टूटी रेलिंग मौत को दावत दे रहा है। चूंकि सड़क घुमाव वाली है, इसलिए खतरा और अधिक बना रहता है। आवागमन दृष्टि से मार्ग महत्वपूर्ण है। क्योंकि सड़क रूरा होते हुए शिवली ,झीझक अकबरपुर सहित जिला मुख्यालय को जोड़ती है। ऐसे में यहां लोगों का आना-जाना हर समय बना रहता है।
सुबह व रात के समय हादसे की आशंका ज्यादा रहती है। थोड़ी चूक होने पर राहगीर सीधे पुल किनारे खारजा नहर में जा सकते हैं।
गुटेहा प्रधान मनोज सिंह ने बताया कि कई महीनों से समस्या परेशानी की वजह बनी है, लेकिन विभागीय अधिकारी कोई ध्यान नहीं दे रहे हैं। क्षतिग्रस्त हाईगेज कभी भी किसी की जान ले सकता है। सरवा निवासी नरेंद्र सिंह ने कहा कि चार पहिया वाहन से सफर करना टेढ़ी खीर बना रहता है। दो पहिया वाहन सवार कब दुर्घटना का शिकार हो जाएं, इसकी आशंका सदैव बनी रहती है। शिववीर सिंह का कहना है कि कई बार अधिकारियों समेत जनप्रतिनिधियों से शिकायत की गई, समस्या समाधान के लिए आवाज उठी, परंतु स्थिति जस की तस बनी हुई है। ।
बोले जिम्मेदार
नहर विभाग के मनोज सिंह ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं है। समस्या दिखवाते हैं, अगर रेलिंग टूटी है, तो उसे ठीक कराया जाएगा।