रविंदर सिंह लाडी/ डीटीएनएन
कानपुर। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन की तैयारियां तेज हो गई हैं। गवर्निंग काउंसिल की ओर से लीग के सफल आयोजन और खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के लिए नौ कमेटियों का गठन किया गया है। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (यूपीसीए) और गवर्निंग काउंसिल ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के पूर्व क्रिकेटरों और पदाधिकारियों को इन कमेटियों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी हैं।
गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन डॉ. संजय कपूर ने बताया कि इस सीजन में प्रदेश के उभरते खिलाड़ियों की प्रतिभा को परखने के लिए टैलेंट कमेटी को विशेष जिम्मेदारी दी गई है। कमेटी में कानपुर के पूर्व क्रिकेटर गोपाल शर्मा, शशिकांत खांडेकर और राहुल सप्रू के साथ मेरठ के प्रवीन कुमार तथा रिजवान शमशाद को शामिल किया गया है। कमेटी के सदस्य प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से सामने आने वाली प्रतिभाओं का मूल्यांकन करेंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों के लिए आगे राष्ट्रीय स्तर पर अवसरों के रास्ते खुल सकते हैं।
आयोजन समिति में प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रतिनिधियों को शामिल किया गया है। इसमें आगरा के सुनील जोनसन, मैनपुरी के बीडी शुक्ला, फर्रुखाबाद के मोहनलाल अग्रवाल, अलीगढ़ के फैजल शेरवानी, सोनभद्र के अजीत खान, सहारनपुर के आनंद पाठक, गाजीपुर के शाश्वत सिंह, सुलतानपुर के असद अहमद और कानपुर के संजय तिवारी को जिम्मेदारी दी गई है। स्वागत कमेटी में गाजीपुर के संजीव सिंह, आगरा के राजेश सहगल, बाराबंकी के सीए जावेद, जौनपुर के सिद्धार्थ सिंह, सहारनपुर के लतिपुर रहमान और सौरभ त्रिपाठी को शामिल किया गया है। वहीं मेडिकल कमेटी में रायबरेली के डॉ. मनीष चौहान और प्रयागराज के डॉ. मुस्तफा हुसैन को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
लीग के आयोजन को व्यवस्थित और बेहतर बनाने के लिए पिच-ग्राउंड, मीडिया, एंटी करप्शन, व्यवस्था तथा सीनियर सलाहकार समेत अन्य कमेटियों का भी गठन किया गया है। पिच-ग्राउंड कमेटी में मुजफ्फरनगर के सनोज पुंडीर, कानपुर के एसएन सिंह और सहारनपुर के साजिद उमर को शामिल किया गया है। मीडिया कमेटी में रायबरेली के मो. फहीम और कानपुर के तालिब खान को जिम्मेदारी मिली है। एंटी करप्शन कमेटी में नागेंद्र को शामिल किया गया है। गवर्निंग काउंसिल ने कमेटियों में यूपीसीए के वरिष्ठ पदाधिकारियों और जिला क्रिकेट इकाइयों के प्रतिनिधियों को भी स्थान दिया है। इससे लीग के आयोजन से लेकर खिलाड़ियों की पहचान, मैदान की व्यवस्था, मीडिया समन्वय और भ्रष्टाचार विरोधी गतिविधियों तक विभिन्न स्तरों पर निगरानी और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है। यूपी टी-20 लीग के चौथे सीजन में प्रदेश के युवा क्रिकेटरों के लिए टैलेंट कमेटी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पूर्व क्रिकेटरों के अनुभव के जरिए प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें बड़े मंच तक पहुंचाने की दिशा में काम किया जाएगा।